3,953 नए आवेदन स्वीकृत, डीबीटी से सीधे खातों में पहुंच रही पेंशन
Kanpur । जिले के हजारों बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना आर्थिक सहारा बनी हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के 92,978 वृद्धजनों को योजना का लाभ मिला। वहीं, 3,953 नए आवेदन स्वीकृत कर बुजुर्गों को पेंशन योजना से जोड़ा गया। इससे जरूरतमंद वृद्धजनों को आर्थिक मदद मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे धनराशि भेजी जा रही है। डीबीटी व्यवस्था के चलते पेंशन भुगतान में बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है। आधार से जुड़े बैंक खातों में धनराशि पहुंचने से व्यवस्था में पारदर्शिता भी आई है।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि उन्हें अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद बुजुर्ग को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन की धनराशि सीधे खातों में भेजकर पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

