पहले विकेट के लिए 309 रन की रिकॉर्ड साझेदारी, यूपी ने पहली पारी में बनाई 100 रन की बढ़त
Kanpur : रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए के मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने आदर्श व माधक के शतक के बदौलत तीसरे दिन बड़ौदा पर 100 रनों की बढ़त बनाई। बल्लेबाज आदर्श सिंह व माधव कौशिक ने पहले विकेट के लिए रिकार्ड 309 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत किया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उत्तर प्रदेश की टीम ने 133 ओवर में आठ विकेट पर 455 रन बना लिए हैं। पहली पारी में 355 रन बनाने वाली बड़ौदा पर मेजबान टीम ने 100 रनों की बढ़त बनाकर मुकाबले में पकड़ बना ली है।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में बुधवार को तीसरे दिन उत्तर प्रदेश की टीम ने 196 रन से आगे खेलना शुरू किया। आदर्श (96) और माधव (90) ने शुरुआती ओवर में अपने शतक पूरा किए। शतक पूरा होने के बाद आदर्श व माधव ने मैदान के चारों ओर शाट लगाकर रन बटोरे। आरंभिक जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 309 रन बनाकर तन्मय और मुकुल की ओर से की गई 248 रन की साझेदारी को तोड़ा। उत्तर प्रदेश का पहला विकेट माधव कौशिक (137) के रूप में गिरा।
वे भार्गव भट्ट की गेंद पर विकेट के पीछे मितेश के हाथों कैच हुए। दूसरे छोर पर आदर्श (162) पर महेश की गेंद पर पगबाधा हुए। आउट होने से पहले आदर्श सिंह ने बल्लेबाज के रूप में उत्तर प्रदेश की ओर से सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली। आदर्श व माधव के आउट होने के बाद करन शर्मा (10) भार्गव व रिंकू सिंह (23) पर महेश का शिकार बने।
दूसरे छोर पर डटे कप्तान आर्यन (67) का साथ देने आए सिद्धार्थ (2), प्रशांत वीर (14) पर महेश की गेंद पर पवेलियन लौटे। उत्तर प्रदेश का आठवां विकेट यश दयाल (10) के रूप में गिरा। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर पिच पर कार्तिक यादव (0) पर बने हुए हैं। बड़ौदा के स्पिनर महेश ने पांच विकेट, स्पिनर भार्गव ने दो विकेट लिए।

