भीतरगांव में ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर समेत कई उपकरण बांटे गए
Kanpur। भीतरगांव में मंगलवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से सहायता उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 106 दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार सचान ने लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए।

कार्यक्रम में 71 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, चार को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, तीन को स्मार्ट केन, चार को कान की मशीन, सात को एमआर किट और एक को व्हीलचेयर दी गई। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्य अतिथि अशोक कुमार सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनके सशक्तीकरण और बेहतर जीवन के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी भीतरगांव, सहायक विकास अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

