बंसी कॉलेज को दूसरा और जनता कॉलेज को मिला तीसरा स्थान
Kanpur। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर में बुधवार को अंतर-महाविद्यालयीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने मैदान पर दमखम दिखाते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में मेजबान छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं बंसी कॉलेज की टीम दूसरे और जनता कॉलेज की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और बेहतर रणनीति के माध्यम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में डॉ. राजेश प्रताप सिंह, डॉ. श्रवण कुमार यादव एवं डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स सेक्रेटरी शुभम हज़ारिया और जॉइंट स्पोर्ट्स सेक्रेटरी सौरभ तिवारी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग की भावना विकसित करते हैं। महिला खिलाड़ियों की खेलों में बढ़ती भागीदारी सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पहचानने और भविष्य की उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षा विभाग एवं आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

