Kanpur। केडीएमए क्रिकेट लीग के सीनियर डिवीजन प्लेट ग्रुप ‘ए’ के फाइनल में वान्डर्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
पीएसी मैदान पर खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम वान्डर्स क्लब की अनुशासित गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 22.2 ओवर में 106 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। टीम की ओर से आदित्य सिंह ने 24 और आयुष्मान सिंह ने 19 रन का योगदान दिया।
वान्डर्स क्लब के लिए यश यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए, जबकि सूरज यादव ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया।
जवाब में वान्डर्स क्लब ने लक्ष्य का पीछा करते हुए संयमित बल्लेबाजी का परिचय दिया। नीलेश कौल ने 49 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि अतुल 35 रन बनाकर अंत तक डटे रहे। दोनों बल्लेबाजों की सूझबूझ भरी पारियों की बदौलत टीम ने 19.5 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्लेयर ऑफ़ द मैच यश को चुना गया।


