क्रॉसर: फ्रेंड्स 11 और ए-टीम का मुकाबला टाई, वी वॉरियर्स ने छह विकेट से दर्ज की जीत
Kanpur । यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) में रविवार को खेले गए मुकाबलों में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के साथ रनों की बरसात भी हुई। वी वॉरियर्स की जीत में विनय चौबे ने पांच विकेट झटके, जबकि एस्पिरिस यूसीएल की जीत में फैज अली और शादाब वारसी के शतक चमके। वहीं, फ्रेंड्स 11 और ए-टीम के बीच मुकाबला अंतिम गेंद पर टाई हो गया।
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर फ्रेंड्स 11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.5 ओवर में 181 रन बनाए। आयुष मंधानी ने 31, अभिषेक ने 30 और संजय अरोड़ा ने 28 रन जोड़े। ए-टीम के राहुल ठाकुर ने छह ओवर में 24 रन देकर छह विकेट लिए। जवाब में ए-टीम भी 30 ओवर की आखिरी गेंद पर 181 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। प्रिंस श्रीवास्तव ने 36 और संदीप ने 33 रन बनाए।
राकेश मसाला ग्राउंड पर वी वॉरियर्स ने पिच रेडर्स को 113 रन पर समेट दिया। विनय चौबे ने छह ओवर में 13 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। जवाब में अमर पांडे की नाबाद 64 रन की पारी के दम पर वी वॉरियर्स ने 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की।
कानपुर साउथ (ए) टर्फ ग्राउंड पर एस्पिरिस यूसीएल ने पांच विकेट पर 297 रन बनाए। फैज अली ने 67 गेंदों पर 125 और शादाब वारसी ने 76 गेंदों पर 100 रन बनाए। जवाब में जेबीके 11 सात विकेट पर 277 रन ही बना सकी। रोहित गुप्ता ने 78, राहुल त्रिवेदी ने 59 और आदित्य शर्मा ने 50 रन बनाए। एस्पिरिस ने 20 रन से मुकाबला अपने नाम किया।


