ओम चौराहे के पास सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने से रोकने पर हुआ विवाद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
Kanpur । काकादेव थाना क्षेत्र के ओम चौराहे के पास मंगलवार को सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने से रोकने का विरोध करना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। कहासुनी के बाद आरोपित युवकों ने कारोबारी अमित कुमार पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लात-घूंसों से की गई मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई।
बताया गया कि ओम चौराहे के पास कुछ युवक बीच सड़क पेशाब कर रहे थे। स्थानीय कारोबारी अमित कुमार ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर ऐसा करने से रोका। इसी बात को लेकर युवकों से उनकी कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक आक्रोशित हो गए और अमित के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में कई लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक हमलावर अमित को गंभीर रूप से घायल कर चुके थे।
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में अमित को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सीसीटीवी से खुलेगा राज
घटना के बाद काकादेव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। कारोबारी की मौत के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।


