Thursday, September 17, 2026
HomeकानपुरKanpur : छह साल बाद जारी हुआ विकास दुबे का मृत्यु प्रमाण...

Kanpur : छह साल बाद जारी हुआ विकास दुबे का मृत्यु प्रमाण पत्र

हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद नगर निगम ने 11 सितंबर को जारी किया दस्तावेज, पिता के नाम की विसंगति से अटका था मामला

Kanpur । बिकरू कांड के मुख्य आरोपित विकास दुबे का मृत्यु प्रमाण पत्र उसकी मौत के करीब छह साल बाद जारी हो गया। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कानपुर नगर निगम ने 11 सितंबर 2026 को विकास दुबे पुत्र रामकुमार के नाम से प्रमाण पत्र जारी किया। पोस्टमार्टम दस्तावेजों में पिता का नाम रामकुमार के बजाय राजकुमार दर्ज होने से प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया लंबे समय से अटकी थी।

रिकॉर्ड में नाम की गलती बनी अड़चन
विकास की पत्नी रिचा दुबे के मुताबिक, नाम की विसंगति दूर कराने के लिए नगर निगम, पोस्टमार्टम हाउस, स्वास्थ्य विभाग और जिलाधिकारी कार्यालय में कई बार शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को पक्षकार बनाकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की।

हाईकोर्ट में नोटिस के बाद सक्रिय हुए विभाग
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत की ओर से नोटिस जारी होने के बाद संबंधित विभागों ने पुराने सरकारी रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए। पोस्टमार्टम दस्तावेजों समेत अन्य अभिलेखों का मिलान कराया गया। कार्रवाई के दौरान सीएमओ हरिदत्त नेमी के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच करने की भी बात सामने आई।
जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम ने 11 सितंबर को मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया। रिचा दुबे के अनुसार, प्रमाण पत्र अधिकारियों ने हाईकोर्ट में भी दाखिल कर दिया है।

बैंक खाते और संपत्ति के मामलों में आई दिक्कत
प्रमाण पत्र जारी होने के बाद रिचा दुबे ने वीडियो जारी कर छह साल के संघर्ष का जिक्र किया। उनका दावा है कि मृत्यु प्रमाण पत्र न होने से बच्चों की पढ़ाई, परिवार के खर्च और जीविकोपार्जन से जुड़ी परेशानियां बढ़ीं।

बैंक खातों और संपत्ति से जुड़े मामलों में भी परिवार को अड़चन का सामना करना पड़ा।अब प्रमाण पत्र जारी होने के बाद परिवार को वरासत और संपत्ति से जुड़ी लंबित प्रशासनिक प्रक्रियाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद है।

बिकरू कांड के बाद देशभर में आया था नाम
दो-तीन जुलाई 2020 की रात चौबेपुर के बिकरू गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले में तत्कालीन डिप्टी एसपी देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद विकास दुबे फरार हो गया था। नौ जुलाई 2020 को उसे मध्य प्रदेश के उज्जैन में गिरफ्तार किया गया था।

10 जुलाई को कानपुर लाते समय भौती के पास पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस के अनुसार विकास ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई थी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...