मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंSaturday, 7 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : एक करोड़ की चरस के साथ दो तस्कर दबोचे, पुलिस ने तोड़ा नशे के नेटवर्क का बड़ा लिंक
कानपुर

Kanpur : एक करोड़ की चरस के साथ दो तस्कर दबोचे, पुलिस ने तोड़ा नशे के नेटवर्क का बड़ा लिंक

Akash Chaudhary

ऑपरेशन व्हाइट पाउडर के तहत संयुक्त कार्रवाई

Kanpur । बर्रा इलाके के एक अंडरपास के नीचे चल रही संदिग्ध गतिविधियों ने आखिरकार पुलिस को बड़ी कामयाबी दिला दी। अपराध शाखा और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 8.5 किलोग्राम चरस बरामद की। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना बनी सफलता की कुंजी
पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर में बड़ी मात्रा में चरस की खेप पहुंचने वाली है। इसके बाद ऑपरेशन व्हाइट पाउडर के तहत अपराध शाखा और बर्रा पुलिस ने प्रिया हॉस्पिटल के सामने स्थित अंडरपास के पास जाल बिछाया। काफी देर तक निगरानी के बाद दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद होते ही पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

मसवानपुर से जुड़े निकले आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमजान अहमद (44) और एजाज अहमद (32) के रूप में हुई है। दोनों मसवानपुर, रावतपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद चरस को शहर के विभिन्न इलाकों में खपाने की तैयारी थी, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए पूछताछ जारी है।

बड़े नेटवर्क की तलाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल दो तस्करों की गिरफ्तारी का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसके असली सरगना कौन हैं। मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ बर्रा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को कानपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।