Kanpur। अशोक नगर स्थित फातिमा कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार को केएसएस अंतरविद्यालयी बालिका स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों की 16 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। चिंटल्स स्कूल कल्याणपुर की टीम उपविजेता और डीपीएस कल्याणपुर की टीम दूसरे उपविजेता स्थान पर रही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ केएसएस अध्यक्ष डॉ. रीता सक्सेना, सचिव शोभा दास, विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर सोनी एसी और मैनेजर सिस्टर रानी एसी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिया।
स्केटिंग स्पर्धाओं में छात्राओं ने गति, संतुलन और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। इस अवसर पर विजेता विद्यालयों को सम्मानित किया गया।

