लेखपाल बनाएंगे ग्राम समाज की संपत्तियों का रजिस्टर, डीएम ने दिए निर्देश
Kanpur । सरकारी और सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन अभियान चलाएगा। तालाबों को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इसके लिए लेखपाल ग्राम समाज की संपत्तियों का रजिस्टर तैयार करेंगे और अनावासीय भूमि का चिह्नांकन करेंगे। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि सरकारी जमीनों से कब्जे हटाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी उप जिलाधिकारी अपने क्षेत्रों में सरकारी भूमि और तालाबों पर हुए अतिक्रमण की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई करें।
डीएम ने ई-ऑफिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व कार्यालयों में फाइलों का आदान-प्रदान इसी माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। अंश निर्धारण और दैवीय आपदा से जुड़े मामलों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी एसडीएम को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा।

