Kanpur । बेसिक हाकी फाउंडेशन की ओर माती स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए अंडर-15 स्वर्गीय दिलीप घोष मेमोरियल फाइव ए साइड हाकी प्रतियोगिता का खिताब डीपीएस बर्रा की टीम ने जीता। टूर्नामेंट में आठ टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में जूनियर खिलाड़ियों ने स्टिक का जादू दिखाया। पहले मुकाबले में न्यू लाइट इंटर कालेज की टीम ने 4-1 से जसवंत पब्लिक स्कूल की टीम को पराजित किया। दूसरे मुकाबले में डीपीएस बर्रा की टीम ने 4-0 से ब्राइड एंजल पब्लिक स्कूल शिकस्त दी।

टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में बेसिक हाकी फाउंडेशन की टीम ने 2-0 से एकलव्य इंटर कालेज को हराया। सेमीफाइनल मुकाबले में डीपीस बर्रा की टीम ने न्यू लाइट टीम को 3-1 से और दूसरे मुकाबले में बेसिक हाकी फाउंडेशन की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में डीपीएस बर्रा की टीम ने बेसिक हाकी फाउंडेशन को पराजित कर खिताबी जीत दर्ज की।
विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को प्रवीण दत्त भार्गव, शिल्पी निगम, डा. दीपिका सेंगर, मो. आसिम खान, और हाकी एसोसिएशन कानपुर देहात के सचिव पाल देवेंद्र ने पुरस्कृत किया। सचिव पाल देवेंद्र ने बताया कि टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियाें के बीच टीम का गठन किया जाएगा। जो ग्रीन पार्क के एस्ट्रो टर्फ में राज्यस्तरीय सेवन ए साइड प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

