डीएम ने सात नवंबर तक मांगी स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट, 10 को होगा आपत्तियों का निस्तारण
Kanpur। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए जिले में प्रस्तावित 116 परीक्षा केंद्रों पर आई आपत्तियों की जांच होगी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित उप जिलाधिकारियों और अपर नगर मजिस्ट्रेटों को सात नवंबर तक स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जनपदीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की बैठक हुई। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से ऑनलाइन प्रस्तावित केंद्रों पर विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से 28 अक्टूबर तक आपत्तियां मांगी गई थीं।
डीएम ने नए केंद्र बनाने और संसाधनों की कमी के चलते प्रस्तावित केंद्र निरस्त करने संबंधी आपत्तियों का मौके पर सत्यापन कराने को कहा। अधिकारियों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जांच करनी होगी।
आपत्तियों के निस्तारण के लिए 10 नवंबर को दोबारा बैठक होगी। इसमें नए केंद्र बनाने या प्रस्तावित केंद्र निरस्त करने का प्रत्यावेदन देने वाले विद्यालयों के प्रबंधकों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। अंतिम निर्णय जनपदीय समिति शासनादेश के अनुसार लेगी।

