वाल्मीकि आश्रम के बाद नानाराव पार्क में जनसभा को करेंगे संबोधित, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक; कई जगह पार्किंग की व्यवस्था
Kanpur । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को बिठूर दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। इसके बाद वाल्मीकि आश्रम में करीब 15 मिनट रुककर नानाराव पार्क में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। यहां दोपहर 12 बजे विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे। एडीएम सिटी सौरभ सिंह ने कार्यक्रम की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर रविवार रात 12 बजे से बिठूर और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था बदल जाएगी। यह व्यवस्था कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों को निर्धारित मार्गों से ही गुजरना होगा। डीसीपी यातायात अभय नाथ त्रिपाठी ने वाहन चालकों से डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।
इन रास्तों पर रहेगी रोक
कल्याणपुर, सिंहपुर चौराहा और गंगा बैराज की ओर से आने वाले भारी वाहन यश कोठारी चौराहे से बिठूर कस्बे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें ब्लू बर्ड तिराहा और मंधना होकर निकाला जाएगा। मंधना से आने वाले भारी वाहनों को भी चुंगी चौराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ये वाहन ब्लू बर्ड तिराहे से यश कोठारी होकर आगे जाएंगे।
कन्नौज, बिल्हौर और चौबेपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन शनि चौराहे से बिठूर कस्बे में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इन्हें चौबेपुर अंडरपास और मंधना होकर जाना होगा। वहीं, उन्नाव के परियर गंगापुल से बिठूर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम में आने वाली बसों और छोटे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक जाने दिया जाएगा।
चार जगह वीआईपी पार्किंग
वीआईपी और अधिकारियों के वाहनों के लिए वाल्मीकि आश्रम के पास, बनी सिंह अस्पताल परिसर, आरोहम वृद्धाश्रम परिसर और बिठूर स्टेडियम के पीछे पार्किंग बनाई गई है। बसों के लिए शताब्दी विहार चौबेपुर रोड, शताब्दी विहार परियर रोड, शनिदेव चौराहा और चुंगी चौराहे पर व्यवस्था रहेगी।
कार और बाइक सवार जयंती पैलेस, रमेल नगर-बिठूर रोड और जानकी चढ़ाइयां के पास खाली मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे।यातायात संबंधी परेशानी होने पर लोग 9305104340 और हेल्पलाइन नंबर 9305104387 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि सोमवार को घर से निकलने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी कर लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके


