पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश
Kanpur। जिले के सभी 3,770 बूथों पर शनिवार को विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगाए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी और डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र के कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज, क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज और हेडसन स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति और पंजीकरण कार्य की प्रगति जांची।

कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 25 से 30 तक सभी छह बूथों पर बीएलओ उपस्थित मिले। क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज के बूथ संख्या 160 से 165 तक भी सभी बीएलओ मौजूद रहे। वहीं, हेडसन स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर बूथ संख्या 9 से 18 तक के बूथों का निरीक्षण किया गया।
डीएम ने बीएलओ, सुपरवाइजरों और बूथ लेवल एजेंटों से बातचीत कर पंजीकरण की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं समेत सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने से छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए अधिकारी जिम्मेदारी से काम करें। नाम जोड़ने और संशोधन के आवेदनों का नियमानुसार समय से निस्तारण किया जाए। नागरिकों को भी पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि कोई पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान आर्य नगर के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पुष्पेंद्र मौजूद रहे।


