सुबह 11 बजे पहुंचेंगे, वाल्मीकि आश्रम में दर्शन-पूजन के बाद नानाराव पार्क में जनसभा को करेंगे संबोधित
Kanpur। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिठूर में जनसभा को संबोधित करेंगे। वाल्मीकि जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों की 412 करोड़ रुपये की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से बिठूर पहुंचेंगे। यहां से वह वाल्मीकि आश्रम जाएंगे और दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद नानाराव पार्क स्थित जनसभा स्थल पहुंचकर लोगों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात और पार्किंग तक के इंतजाम किए गए हैं।
जनसभा में विकास कार्यों के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रमुखता से रखा जाएगा। बिल्हौर और बिठूर क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी और स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने बिठूर और आसपास के मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। रविवार रात 12 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिठूर जाने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर निकलें और निर्धारित मार्गों का पालन करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।


