खपरामोहाल के पंपेश्वर मंदिर में वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए तीन संदिग्ध
Kanpur । रेलबाजार थाना क्षेत्र के खपरामोहाल स्थित पंपेश्वर मंदिर में चोरों ने देर रात ताला तोड़कर दानपेटी और भगवान शिव के पास रखा तांबे का नाग चोरी कर लिया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सोमवार दोपहर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मंदिर के इंचार्ज राकेश सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दानपेटी और तांबे का नाग गायब था। उन्होंने तुरंत रेलबाजार पुलिस को सूचना दी। दानपेटी में कितनी धनराशि थी, इसका अभी आकलन नहीं हो सका है।
राकेश सिंह के अनुसार, मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पिछले वर्ष भी चोर मंदिर से तांबे का नाग और पीतल का त्रिशूल चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है।
पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में तीन संदिग्ध मंदिर परिसर में आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि मंदिर में चोरी की शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी का दावा किया है।


