कानून-व्यवस्था व अपराध नियंत्रण की समीक्षा, जोनल कार्यालय में अधिकारियों के साथ हुई बैठक
Kanpur । आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने गुरुवार को जोनल कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें, संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाएं और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करे, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
बैठक में अपराध नियंत्रण की रणनीति, लंबित मामलों की समीक्षा और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों से क्षेत्रवार कानून-व्यवस्था की स्थिति का फीडबैक लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि भी मौजूद रहे। इसके अलावा कानपुर जोन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की सुरक्षा तैयारियों की जानकारी साझा की। एडीजी ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।


