डीएम ने निर्माण स्थल का जायजा लेकर अफसरों को दिए तेजी के निर्देश, फरवरी 2028 तक पूरा होना है पुल
Kanpur । 2021 से बंद पुराने गंगा पुल के बगल से अब कानपुर की नई राह तैयार हो रही है। गंगा पर बन रहा 1,196 मीटर लंबा फोरलेन पुल मध्य कानपुर को शुक्लागंज और उन्नाव से जोड़ते हुए लखनऊ तक का सफर आसान करेगा। बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर परियोजना की प्रगति देखी और अधिकारियों से काम की रफ्तार का हिसाब लिया।

करीब 235 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 15 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पुल के लिए 24 पिलर बनाए जाने हैं, जिनमें 14 पर प्रारंभिक संरचनात्मक काम हो चुका है। 20 मीटर चौड़े इस पुल के तैयार होने से कानपुर से शुक्लागंज-उन्नाव जाने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गंगा का पानी बढ़ा तो थमी रफ्तार
गंगा का जलस्तर बढ़ने से फिलहाल नदी क्षेत्र में निर्माण प्रभावित है। डीएम ने निर्देश दिए कि पानी कम होते ही अतिरिक्त मैनपावर और संसाधन लगाकर काम तेज किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखते हुए फरवरी 2028 की तय समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
पुराना गंगा पुल कभी कानपुर की पहचान था, लेकिन क्षतिग्रस्त होने के बाद वर्ष 2021 से इस पर यातायात बंद है। अब उसके बगल में बन रहा नया पुल न केवल आवागमन का नया विकल्प बनेगा, बल्कि मध्य कानपुर को लखनऊ की ओर बेहतर कनेक्टिविटी भी देगा।
इधर ट्रांस गंगा क्षेत्र में करीब 750 करोड़ रुपये की दूसरी सेतु परियोजना भी चल रही है। यानी आने वाले समय में कानपुर-उन्नाव के बीच गंगा पार करने के रास्ते और मजबूत होने वाले हैं।


