Kanpur । पिता की डांट से आहत होकर घर से निकला 9 वर्षीय मासूम कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रोता हुआ मिला। सतर्क जीआरपी टीम ने उसे सुरक्षित संरक्षण में लेते हुए कुछ ही घंटों में परिजनों से मिलवा दिया।
रविवार को स्टेशन परिसर में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफार्म के पास बच्चा अकेले भटकता मिला। भूख और प्यास से व्याकुल बच्चे को जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में टीम ने संभाला और तुरंत नाश्ता व पानी उपलब्ध कराया।
बच्चे ने पूछताछ में बताया कि वह घाटमपुर क्षेत्र का रहने वाला है और पिता की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आया था। इसके बाद पुलिस ने उसे महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया और परिजनों की तलाश शुरू की।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चे के पिता से संपर्क किया और उन्हें स्टेशन बुलाया। पिता के पहुंचते ही बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सकुशल देखकर पिता भावुक हो उठे और जीआरपी टीम का आभार जताया।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप तिवारी, मोहित कुमार, विनोद कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


