Kanpur । नगर निगम के उद्यान विभाग में गुरुवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के औचक निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान विभाग में कोई अधिकारी या अभियंता मौजूद नहीं मिला, जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए उद्यान अधीक्षक सीपी सिंह को तत्काल मौके पर बुलाया। निरीक्षण में कर्मचारियों की उपस्थिति, रिकॉर्ड व्यवस्था और विभागीय कार्यप्रणाली की जांच की गई।
उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में नियमित कर्मचारी पवन कुमार और अजय वर्मा अनुपस्थित पाए गए। नगर आयुक्त ने दोनों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं आउटसोर्स कर्मचारी वर्षा भी मौके पर नहीं मिलीं, जिनके खिलाफ भी वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में सामने आया कि आउटसोर्स कर्मचारी दिव्यम दीक्षित 25 फरवरी 2026 से बिना सूचना अनुपस्थित चल रहे हैं।
नगर आयुक्त ने उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने और अन्यत्र स्थानांतरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एक अन्य कर्मचारी रक्षपाल उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर किए बिना कार्य कर रहे थे, जिन्हें भविष्य में नियमित हस्ताक्षर करने की चेतावनी दी गई।
नगर आयुक्त ने विभाग की रिकॉर्ड व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई।
हाल की आंधी-तूफान में गिरे पेड़ों और लकड़ियों के आवागमन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। उन्होंने निर्देश दिए कि लकड़ियों का स्टॉक रजिस्टर बनाया जाए और सभी वाहनों की लॉग बुक तैयार कर उसका साप्ताहिक सत्यापन कराया जाए।
इसके अलावा विभाग के मुख्य गेट पर एंट्री रजिस्टर रखने, माली और हेड माली की उपस्थिति बायोमैट्रिक या फेस रीडिंग से दर्ज कराने तथा बिना अनुमति ठेकेदारों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।


