मेगा क्रेडिट कैंप में 15 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और चेक सौंपे गए, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
Kanpur । कारोबार शुरू करने और स्वरोजगार की राह तलाश रहे लोगों के लिए सोमवार को आयोजित मेगा क्रेडिट कैंप राहत लेकर आया। उद्योग विभाग और बैंकों के संयुक्त प्रयास से सितंबर में कानपुर जिले के 6691 लाभार्थियों को करीब 578 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। कार्यक्रम में 15 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और चेक देकर स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर संयुक्त आयुक्त उद्योग, कानपुर मंडल और बैंक ऑफ बड़ौदा के अग्रणी जिला बैंक कार्यालय की ओर से मेगा क्रेडिट कैंप आयोजित किया गया। इसका मकसद उद्योग विभाग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर पात्र लोगों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने कहा कि युवाओं और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसान ऋण सुविधा से नए कारोबार शुरू होने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इन योजनाओं की दी जानकारी
कैंप में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-यूवा), एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), ओडीओसी, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता और ऋण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बैंकर्स से पात्र आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण और स्वीकृतऋण का जल्द वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त उद्योग हिमांशु, अरुण कुमार, रियाजुद्दीन, एलडीएम कानपुर देहात दिलीप चन्द्र वर्मा, एलडीएम कानपुर नगर आदित्य चंद्रा समेत बैंकर्स और लाभार्थी मौजूद रहे।


