नानकारी व मुश्ता केंद्रों में सीएमओ को मिली अव्यवस्थाएं, अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने के निर्देश
Kanpur । स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के दावों के बीच व्यवस्थाओं की हकीकत जानने निकले मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी को निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। नानकारी और मुश्ता स्वास्थ्य केंद्रों पर पांच कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। वहीं, एक केंद्र पर गंदगी और झाड़ियों के साथ दवाओं के रखरखाव में भी लापरवाही सामने आई। सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।

सीएमओ ने सबसे पहले शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानकारी का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सक, एएनएम और सपोर्ट स्टाफ समेत तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुश्ता का जायजा लिया। यहां भी लैब टेक्नीशियन और सपोर्ट स्टाफ सहित दो कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं मिले।
मुश्ता स्वास्थ्य केंद्र की सफाई व्यवस्था भी निरीक्षण में संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में जगह-जगह झाड़ियां उगी थीं। दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। डीवीडीएमएस पोर्टल पर दवाओं के रखरखाव और खारिज की गई औषधियों का विवरण भी दर्ज नहीं था। सीएमओ ने इस पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि चिकित्सा अधीक्षक ने कई माह से स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण नहीं किया था।
सीएमओ ने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक शिवराजपुर को स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं का उचित रखरखाव, डीवीडीएमएस पोर्टल पर पूरा विवरण दर्ज कराने और परिसर की झाड़ियों की सफाई कराने को कहा। कार्रवाई पूरी होने के बाद अनुपालन आख्या भेजने के निर्देश भी दिए गए।


