10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद रखने की कार्रवाई
Kanpur/लखनऊ, 21 सितंबर। उत्तर प्रदेश में उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के अंतर्गत फास्ट फूड रिटेल चेन एवं रेस्टोरेंट के विरुद्ध विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत सोमवार को कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विशेष टीमों ने व्यापक निरीक्षण किया।

विभाग की टीमों द्वारा इन पांच जनपदों में देर शाम तक 180 से अधिक फास्ट फूड रिटेल चेन एवं रेस्टोरेंट यूनिट्स का निरीक्षण किया गया है। गंभीर कमियां पाए जाने पर 110 से अधिक सुधार सूचनाएं (Improvement Notices) जारी की गईं। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 12 प्रतिष्ठानों तथा एक फूड कोर्ट का लाइसेंस निलंबित करते हुए खाद्य कारोबार बंद कराया गया है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जहां भी गंभीर कमियां पाई जा रही हैं, वहां सुधार होने तक खाद्य कारोबार संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
पांच जनपदों में विशेष जांच अभियान

कानपुर नगर में 38 टीमों द्वारा 52 यूनिट्स का निरीक्षण किया गया। आगरा में 21 टीमों ने 38 यूनिट्स, गाजियाबाद में 36 टीमों ने 80 यूनिट्स, प्रयागराज में 15 टीमों ने 30 यूनिट्स तथा वाराणसी में 20 टीमों ने 40 यूनिट्स का निरीक्षण किया है। सभी जनपदों में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई जारी है।
कानपुर नगर में कई प्रतिष्ठानों पर गंभीर कमियां मिलीं
कानपुर नगर में निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट में अत्यंत खराब हाइजीन एवं सैनिटरी कंडीशन, अत्यधिक गंदगी, क्षतिग्रस्त दीवारें तथा खाद्य सामग्री फर्श पर रखे जाने की स्थिति पाई गई। इसके दृष्टिगत फूड कोर्ट में संचालित सभी 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद रखने की कार्रवाई की गई।
ला पीनोज पिज्जा, Sapphire Mall में इंसेक्ट इन्फेक्शन, एक्सपायर सॉस/ड्रेसिंग्स, वेज एवं नॉन वेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों के इस्तेमाल तथा खराब गुणवत्ता का पनीर पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई।
वेलफेल सैम/केशव राज एंड संस, स्वरूप नगर में प्रोपराइटरी फूड्स पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट एवं इंग्रेडिएंट्स का विवरण अंकित नहीं पाया गया। उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य संबंधी जानकारी उपलब्ध न कराने के कारण सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
Nii Haau, स्क्वायर माॅल में चोक्ड ड्रेनेज, अत्यंत खराब हाइजीन एवं सैनिटरी कंडीशन तथा वेज एवं नॉन वेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों के प्रयोग की स्थिति मिली। इन कमियों के दृष्टिगत सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
बिरयानी क्वीन, स्क्वायर माॅल में आटे में कीड़े, निर्माण स्थल पर अत्यधिक गंदगी तथा खाद्य तेल के बार-बार इस्तेमाल के साथ तेल में अत्यधिक गंदगी पाई गई। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्पाइसी फास्ट फूड रेस्टोरेंट, एम ब्लॉक किदवई नगर में अत्यंत खराब हाइजीन एवं सैनिटरी कंडीशन, खुले नाले के समीप प्रतिष्ठान का संचालन तथा किचन एरिया में दुर्गंध पाई गई। साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
ग्लोबल बेकर्स एंड कैफेl, हरबंस मोहाल में अत्यंत खराब हाइजीन एवं सैनिटरी कंडीशन, वेज एवं नॉन वेज खाद्य पदार्थों का एक साथ संग्रहण एवं निर्माण, खराब ड्रेनेज तथा अत्यधिक गंदे किचन प्लेटफार्म पाए गए। प्रतिष्ठान को सुधार होने तक बंद करने की संस्तुति की गई।


