फर्जी फर्मों और बैंक खातों के जरिए देशभर में फैला था नेटवर्क, 68 खातों में संदिग्ध लेनदेन
Kanpur । कानपुर पुलिस ने शहर के सबसे बड़े हवाला और फर्जी ट्रांजेक्शन सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए महफूज आलम उर्फ ‘पप्पू छुरी’ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले दो महीनों से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।पूरे मामले का खुलासा 16 फरवरी को श्याम नगर चौकी क्षेत्र में हुई 24 लाख रुपये की लूट की जांच के दौरान हुआ।
पुलिस जब लूटकांड की कड़ियां जोड़ रही थी, तब जांच महफूज आलम तक पहुंची। इसके बाद सामने आए तथ्यों ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। जांच में पता चला कि आरोपी ने पिछले ढाई वर्षों में करीब 1600 करोड़ रुपये के हवाला और अवैध लेनदेन को अंजाम दिया।
कानपुर कमिश्नर रघुवीर लाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि महफूज बेहद शातिर तरीके से काम करता था। वह बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को झांसे में लेकर उनके दस्तावेजों पर फर्जी फर्में तैयार करता था। जांच में दर्जनभर फर्जी कंपनियों और 16 बैंकों में संचालित 100 से अधिक खातों का इस्तेमाल सामने आया है। इन खातों से करीब 3200 करोड़ रुपये के कुल ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड मिला है।
फरारी के दौरान आरोपी कोलकाता में एक टीएमसी नेता के यहां छिपा हुआ था। हाल ही में चुनावी माहौल शांत होने के बाद वह खुद को सुरक्षित समझकर कानपुर लौटा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अब तक पांच मुकदमे दर्ज हैं। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग और रिजर्व बैंक समेत कई केंद्रीय एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों और अंतरराष्ट्रीय हवाला कारोबारियों से भी जुड़े हो सकते हैं।


