Monday, September 21, 2026
HomeकानपुरKanpur : भाई की आंखों के इलाज की चिंता लेकर पहुंचीं बहनें,...

Kanpur : भाई की आंखों के इलाज की चिंता लेकर पहुंचीं बहनें, कुछ घंटों में हाथ में आया आयुष्मान कार्ड

माता-पिता की हो चुकी है मौत, 17 वर्षीय भाई की आंख का होना है ऑपरेशन

Kanpur । माता-पिता का साया सिर से उठ चुका था, घर में कमाने वाला कोई नहीं और 17 वर्षीय भाई की आंख के ऑपरेशन की चिंता अलग। इलाज के लिए पैसे नहीं थे, ऊपर से अंत्योदय राशन कार्ड होने के बावजूद आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा था। इसी उम्मीद में विजय नगर निवासी प्रियंका यादव अपनी बहन के साथ सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दर्शन में पहुंचीं। फरियाद सुनते ही प्रशासन हरकत में आया और कुछ ही घंटों में दोनों बहनों के हाथ में आयुष्मान कार्ड था।

प्रियंका ने जिलाधिकारी को बताया कि माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है। वह अपने दो छोटे भाई-बहनों के साथ रहती हैं। परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। 17 वर्षीय भाई राहुल यादव को देखने में परेशानी है और चिकित्सकों ने आंख के ऑपरेशन की जरूरत बताई है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार इलाज को लेकर परेशान था। अंत्योदय राशन कार्ड होने के बावजूद आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा था।

मामले की गंभीरता समझते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी यादव से फोन पर बात की। उन्होंने आवश्यक अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही डॉ. एसपी यादव ने दस्तावेजों की जांच कर प्रक्रिया पूरी कराई। कुछ ही घंटे में राहुल का आयुष्मान कार्ड तैयार हो गया और दोनों बहनों को सौंप दिया गया।

भाई के इलाज की राह हुई आसान
आयुष्मान कार्ड हाथ में आते ही प्रियंका की चिंता कुछ कम हुई। उन्होंने जिलाधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि भाई की आंख के इलाज को लेकर पूरा परिवार परेशान था। कार्ड बनने से अब उसके इलाज की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी ने भी भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...