Friday, July 24, 2026
HomeकानपुरKanpur : हेलमेट-सीट बेल्ट पर सख्ती, जून में 53 हजार से अधिक...

Kanpur : हेलमेट-सीट बेल्ट पर सख्ती, जून में 53 हजार से अधिक चालान

डीएम ने स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा अभियान तेज करने के दिए निर्देश, दुर्घटना पीड़ितों के इलाज के लिए नौ अस्पताल चिन्हित

Kanpur । सड़क हादसों में कमी लाने के लिए प्रशासन अब जागरूकता और सख्त कार्रवाई दोनों पर एक साथ जोर देगा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही सफल हो सकती है। उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील करते हुए स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

#kanpur

बैठक में सामने आए आंकड़ों ने भी यातायात नियमों की अनदेखी की तस्वीर पेश की। जून 2026 में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 38,221 और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर 14,707 चालान किए गए। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग में 9,619, ड्रंक एंड ड्राइव में 422 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने पर 367 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।

डीएम ने कहा कि कम उम्र से ही बच्चों और युवाओं में सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करना जरूरी है। इसके लिए स्कूलों में रैली, प्रतियोगिता और अन्य कार्यक्रम आयोजित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्यों में तेजी लाने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में राहवीर योजना और पीएम राहत जन आरोग्य योजना की भी समीक्षा हुई। राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं पीएम राहत जन आरोग्य योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को सात दिन तक या अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है। इसके लिए कानपुर नगर में नौ अस्पताल चिन्हित किए गए हैं।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता सहित लोक निर्माण, परिवहन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...