एडी मंडल ने अभियान का किया निरीक्षण, लोगों को संचारी व वेक्टर जनित रोगों से बचाव के बताए उपाय
Kanpur । बारिश के मौसम में संचारी और वेक्टर जनित रोगों पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को विनोबा नगर और शिवकटरा में सघन दस्तक अभियान चलाया। अपर निदेशक (स्वास्थ्य) मंडल डॉ. रेनू जोशी ने स्वास्थ्य टीमों के साथ घर-घर पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया और लोगों को डेंगू, मलेरिया समेत 12 प्रमुख संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे सर्वे का सत्यापन किया। लोगों से स्वास्थ्य टीमों की कार्यप्रणाली की जानकारी लेने के साथ उन्हें समय पर जांच और उपचार की सलाह दी गई। विनोबा नगर में कुछ लोगों में खांसी-जुकाम के लक्षण मिलने पर उन्हें नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र भेजने की सलाह दी गई।
वहीं एक घर के कूलर की जांच कर मच्छरों के लार्वा की पड़ताल की गई और जलभराव न होने देने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने आभा आईडी, आयुष्मान भारत कार्ड की प्रगति और पात्रता की भी समीक्षा की। शिवकटरा में आंगनबाड़ी केंद्र और टीकाकरण सत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ बैठक कर मच्छरजनित रोगों की रोकथाम पर चर्चा की गई तथा प्रचार सामग्री वितरित की गई।
निरीक्षण में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और माइक्रोप्लान के अनुसार सफाई कार्य संतोषजनक पाया गया। अभियान के तहत सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशी दवा का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे और एंटोमोलॉजिकल सर्वे भी कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छररोधी उपाय अपनाने तथा बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।


