बॉम्बे बेकरी और गोपाला स्वीट हाउस में मिली गंभीर लापरवाही, सात प्रतिष्ठानों की जांच में 10 नमूने जांच को भेजे
Kanpur । आपकी थाली तक पहुंचने वाले केक, समोसे और कचौड़ी किन हालात में तैयार हो रहे हैं, इसका खुलासा शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में हुआ। कहीं खुले नाले के किनारे समोसे-कचौड़ी तले जा रहे थे तो कहीं गंदगी और कूड़े के बीच केक तैयार किए जा रहे थे। हालात देखकर अधिकारियों ने तीन प्रतिष्ठानों का संचालन तत्काल बंद करा दिया, जबकि एक होटल को नोटिस थमा दिया।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चले अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के सात प्रतिष्ठानों की जांच की। दलेलपुरवा स्थित बॉम्बे बेकरी में गंदगी के बीच केक बनते मिले। कर्मचारी बिना हेड कैप, ग्लव्स और एप्रन के काम कर रहे थे। प्रतिष्ठान के पास खाद्य कारोबार का वैध पंजीकरण भी नहीं था। विभाग ने मौके पर ही निर्माण कार्य रुकवाकर केक और वनस्पति घी के नमूने जांच के लिए भेज दिए।

लक्ष्मीपुरवा स्थित गोपाला स्वीट हाउस में खुले नाले के किनारे समोसे और कचौड़ी बन रही थीं। परिसर में गंदा पानी, मक्खियों का जमाव और अस्वच्छ माहौल मिलने पर प्रतिष्ठान का संचालन साफ-सफाई होने तक बंद करा दिया गया।
चमनगंज के वारसी होटल एंड कैटरर्स में भी कई खामियां मिलीं। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं थे, भोजन प्लास्टिक के बर्तनों में रखा गया था और फ्रिज में खाने को अखबार से ढका गया था। इस पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

अभियान के दौरान बाबा स्वीट हाउस, न्यू अजमेरी रेस्टोरेंट, आगरा जैन जलेबी और हिमानी फूड कॉरपोरेशन की भी जांच हुई। विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 10 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा


