Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की ओर से छठवीं राज रतन महिला क्रिकेट लीग का शुभारंभ शुक्रवार से होगा। प्रतियोगिता के मुकाबले बीसीए मैदान, गंगा बैराज और वीएसएसडी कॉलेज मैदान, नवाबगंज में खेले जाएंगे। लीग में स्पार्क इंटरनेशनल, डैम स्ट्राइकर्स, एवीआई फाउंडेशन और रेनू आईवीएफए की चार टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है।
पहले दिन नवागगंज स्थित वीएसएसडी कॉलेज मैदान पर रेनू आईवीएफए और एवीआई फाउंडेशन के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि गंगा बैराज स्थित बीसीए मैदान पर डैम स्ट्राइकर्स और स्पार्क इंटरनेशनल की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों मैच सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे। केसीए पदाधिकारियों के अनुसार लीग के माध्यम से उभरती महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में जिले और प्रदेश स्तर की टीमों के लिए नई प्रतिभाएं सामने आएंगी।


