Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित सीसीएल टी-20 प्रतियोगिता के शुक्रवार रात को खेले गए दिन-रात के फाइनल मुकाबले में जीटीवी वॉरियर्स ने पटेल प्रॉपर्टीज को 60 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में अब्दुल रहमान और डॉ. अभिषेक चौहान जीत के नायक साबित हुए।
सप्रू मैदान पर खेले गए पर पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटीवी वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। टीम की ओर से अब्दुल रहमान ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 50 रन बनाए, जबकि गौरव प्रताप सिंह 23 रन बनाकर नाबाद रहे। पटेल प्रॉपर्टीज की ओर से गेंदबाजी में सुशील राय ने तीन विकेट, विकास भारती ने एक विकेट हासिल किया। 157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटेल प्रॉपर्टीज की टीम जीटीवी वॉरियर्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14.1 ओवर में 96 रन पर सिमट गई।
मनिंदर सिंह ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। गेंदबाजी में जीटीवी वॉरियर्स की ओर से डॉ. अभिषेक चौहान ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि डॉ. चेतन सिंह ने एक विकेट प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व रणजी खिलाड़ी राहुल सप्रू ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। पूर्व रणजी खिलाड़ी संदीप पांडे ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार दिए।
उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पीके मिश्रा ने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मनिंदर सिंह (पटेल प्रॉपर्टीज), सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार राम सिंह (पटेल प्रॉपर्टीज) और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान अब्दुल रहमान (जीटीवी वॉरियर्स) को प्रदान किया।
फाइनल के मैन ऑफ द मैच डॉ. अभिषेक चौहान रहे। संडे लीग के व्यक्तिगत पुरस्कार सीए के उपाध्यक्ष संजय तिवारी व सचिव कौशल कुमार सिंह ने प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटियार ने किया। इस अवसर पर पीएस नेगी, कौशल कुमार सिंह, डॉ. दीपक श्रीवास्तव, सौरभ कपूर, आयुष अग्रवाल, ऋषभ डोनवाल, अजीत सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


