अनुभव दीक्षित ने चार विकेट लेकर फ्रेंड्स 11 को किया पस्त, 68 रन से दर्ज की जीत
Kanpur । यूनाइटेड चैंपियनशिप लीग (यूसीएल) सीजन-2 में वी वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंड्स 11 को 68 रन से हरा दिया। जेएमडी वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड पर रविवार को खेले गए मुकाबले में वी वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 256 रन बनाए। जवाब में फ्रेंड्स 11 की टीम 27.1 ओवर में 188 रन पर सिमट गई।
वी वॉरियर्स की ओर से विनय चौबे और रोहित धवन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। विनय ने 49 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 74 रन बनाए। वहीं, रोहित ने महज 31 गेंदों पर पांच छक्कों और दो चौकों की मदद से 54 रन ठोक दिए। अमर पांडेय ने 32 और महेंद्र सिंह चंदेल ने 24 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। फ्रेंड्स 11 के सुमित गुलाटी ने चार विकेट लिए।
257 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स 11 की शुरुआत खराब रही। अभिषेक ने 36 रन बनाए, जबकि शुरुआती झटकों के बाद युवराज नथानी ने 45 गेंदों पर 54 और तरुण आनंद ने 24 गेंदों पर 36 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
वी वॉरियर्स के अनुभव दीक्षित ने छह ओवर में 32 रन देकर चार विकेट झटके। सौरभ ने तीन और गोलू ने दो विकेट लेकर फ्रेंड्स 11 की पारी समेट दी। विनय चौबे को भी एक विकेट मिला। शानदार बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर वी वॉरियर्स ने एकतरफा जीत दर्ज की।


