Kanpur । अवधपुरी स्थित मास्टरमाइंड चेस अकादमी में रविवार को दूसरी मास्टरमाइंड ओपन चेस चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। इसमें शहर की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। चार-चार खिलाड़ियों वाली टीमों के बीच 25 मिनट और 10 सेकंड के समय नियंत्रण के साथ मुकाबले खेले गए। सात अंक हासिल कर चेस स्क्वायर टीम ने खिताब अपने नाम किया। सिसिलियन डायनामाइट टीम भी सात अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में चेस स्क्वायर के शशांक श्रीवास्तव (केडीएमए, बर्रा), सिसिलियन डायनामाइट की आकृति गुप्ता (केंद्रीय विद्यालय, रक्षा विहार) और डायनेमिक टीम के प्रांजल सिंह (वीएसएसडी कॉलेज, श्याम नगर) ने दमदार खेल दिखाया। इन खिलाड़ियों ने कई अनुभवी खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबलों में ड्रॉ खेलकर और जीत दर्ज कर अपनी क्षमता साबित की। प्रतियोगिता में छह से 11 वर्ष तक के पांच खिलाड़ियों ने भी चालें चलीं।
ये रहीं शीर्ष टीमें प्रथम: चेस स्क्वायर — 7 अंक, 3000 रुपये
द्वितीय: सिसिलियन डायनामाइट — 7 अंक, 2500 रुपये
तृतीय: हैंगिंग पीसेस — 6 अंक, 2000 रुपये
चतुर्थ: मैग्नीशिया — 4 अंक, 1500 रुपये
पांचवां: द चेकमेट — 3 अंक, 1000 रुपये
छठा: रॉयल गैम्बिट — 3 अंक, मेडल
चेस वॉरियर्स सातवें और चेसमेट स्क्वायर आठवें स्थान पर रही। विजेताओं को पुरस्कार दिया गया। मुख्य आर्बिटर प्रशंसा वर्मा रहीं, जबकि आयोजन ऋषभ निषाद ने किया।


