तीन अर्धशतकों से 248 रन का स्कोर, अनूप की घातक गेंदबाजी से 113 रन पर सिमटी स्कोरिंग विलोज
Kanpur । यूनाइटेड चैंपियनशिप लीग (यूसीएल) सीजन-2 में वॉक्सेल वैलिएंट्स ने स्कोरिंग विलोज को 135 रन से करारी शिकस्त दी। राष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को खेले गए मुकाबले में वॉक्सेल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 248 रन बनाए। जवाब में स्कोरिंग विलोज की टीम 18.3 ओवर में 113 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर स्कोरिंग विलोज के कप्तान रोहित बसोतिया ने पहले गेंदबाजी चुनी। वॉक्सेल के राहुल कुमार ने 63 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से 66 रन बनाए। मुदित ने 30 गेंदों पर चार चौके और चार छक्के लगाकर 58 रन ठोके। कप्तान डॉ. तरुण गोयल ने 52 रन की पारी खेली, जबकि प्रकाश चावला ने 17 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
249 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कोरिंग विलोज की टीम वॉक्सेल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। अंकुर ने 29 और मनीष मिश्रा ने 18 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
वॉक्सेल की ओर से अनूप दीक्षित ने तीन ओवर में महज सात रन देकर तीन विकेट झटके। अभिषेक मिश्रा और डॉ. मानस शुक्ला ने दो-दो विकेट हासिल किए। दमदार बल्लेबाजी और कसी हुई गेंदबाजी के दम पर वॉक्सेल ने मुकाबला अपने नाम किया।


