मंडलीय क्लासिक बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जीते पदक
Kanpur। स्वरूप नगर स्थित बाल निकुंज सदन में 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित मंडलीय क्लासिक बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप और जिला इंटर स्कूल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। इंटर स्कूल वर्ग में ऑक्सफोर्ड स्कूल ने ओवरऑल चैंपियनशिप जीती, जबकि पूर्णचंद्र विद्या निकेतन उपविजेता रहा। ओपन मंडलीय क्लासिक बेंच प्रेस में 619 फिटनेस स्टूडियो और डेडलिफ्ट में पावर हब जिम ने ओवरऑल खिताब हासिल किया।

इंटर स्कूल बेंच प्रेस के 53 किग्रा भार वर्ग में पूर्णचंद्र विद्या निकेतन के युवराज पोरवाल प्रथम, ऑक्सफोर्ड के स्वास्तिक श्रीवास्तव द्वितीय और आशुतोष सैनी तृतीय रहे। 59 किग्रा में तेजस तिवारी, 66 किग्रा में काव्य केसरवानी, 74 किग्रा में ऋषभ अवस्थी, 83 किग्रा में सार्थक यादव, 93 किग्रा में आव्यान्श, 105 किग्रा में आर्यन कटियार और 120 किग्रा में अविरल सिंह ने अपने-अपने भार वर्गों में पहला स्थान हासिल किया।
महिला एवं बालिका वर्ग में बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट की विभिन्न स्पर्धाओं में आराध्या शुक्ला, काजल दिवाकर, अनन्या शर्मा, प्रत्यूषा सिंह, अदिति वर्मा और अर्चना पांडे सहित खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते।
ओपन बेंच प्रेस के सब जूनियर वर्ग में शाश्वत शर्मा, दीपांशु और सिद्धार्थ सहित खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल किए। जूनियर वर्ग में मोहम्मद इरफान, प्रखर सिंह और अक्षत भट्ट विजेता रहे। सीनियर वर्ग में विकास सविता, अमित पाल और विवेक यादव ने स्वर्ण पदक जीते। मास्टर वर्ग में प्रदीप राजपूत प्रथम रहे।
समापन पर अनूप पचौरी ने विजेताओं को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। संघ के महासचिव संदीप निगम ने आभार जताया।


