Kanpur। प्रथम गीता देवी स्मारक अंडर-19 टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में स्पार्क इंटरनेशनल ने फि्लक स्पोर्ट्स को छह विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में कलावती सुपरकिंग्स ने सिंधिया वारियर्स को आठ विकेट से हराया।
कल्याणपुर स्थित मंटोरा मैदान पर खेले गए पहले मैच में फि्लक स्पोर्ट्स ने 20 ओवर में छह विकेट पर 128 रन बनाए। टीम से कृष्णा श्रीवास्तव ने नाबाद 34 रन, प्रिंस ने 33 रन व आदर्श सिंह ने 28 रन जोड़े, तो गेंदबाजी में आर्यन पाल व शिवांश सिंह ने दो-दो व अभिषेक ने एक को आउट किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए स्पार्क इंटरनेशनल ने 14.3 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
जीत में अभिषेक व आदित्य गुप्ता ने 32-32 रन व पृथ्वीराज ने 24 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में शौर्य गुप्ता ने दो, अर्थव व स्पर्श ने एक-एक विकेट चटकाया। प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक को चुना गया। कल्याणपुर स्थित मंटोरा मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिंधिया वारियर्स की पूरी टीम 12.4 ओवर में 98 रन पर ऑलआउट हो गई।
टीम से शिवा राजपूत ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अक्षत श्रीवास्तव ने पांच, अभिषेक राय ने दो विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कलावती सुपर किंग्स की टीम ने 14.5 ओवर में दो विकेट के पतन पर 101 रन बनाकर जीत दर्ज की। जीत में आयुष कुमार ने नाबाद 52 रन व अमरजीत सिंह ने 27 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शौर्यदीप और अविनाश ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। पांच विकेट लेने वाले अक्षत श्रीवास्तव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


