ग्रीनपार्क में 68 रन से दी शिकस्त, कार्तिक ने पांच विकेट लेकर पलटा मैच; रिंकू सिंह बने मैन ऑफ द मैच
Kanpur। कार्तिक यादव (37/5) की अगुवाई में स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी के दम पर उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी के तीसरे ही दिन गोवा को 68 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की। इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने गोवा के सामने जीत के लिए 236 रनो का लक्ष्य रखा था।

जवाब में गोवा की पूरी टीम 46 ओवर में 167 रनो पर ढेर हो गई। टीम की तरफ से सुयश प्रभुदेशाई ने सर्वाधिक 72 रन बनाए वही यूपी से कार्तिक ने पांच, वंश चौधरी ने तीन और दो विकेट जीशान अंसारी ने लिए। इसके अलावा पहली पारी में सभी विकेट स्पिनरों के ही नाम रहे थे। पहली पारी में शतकवीर रिंकू सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

ग्रीनपार्क में खेले गए इस मुकाबले में यूपी ने पहली पारी में 202 रन बनाने के बाद गोवा को 164 रनो पर समेटकर 38 रनों की बढ़त हासिल की थी। दुसरी पारी में यूपी की टीम मंगलवार को 197 रनो पर ऑल आउट हुई। टीम से कप्तान आर्यन जुयाल ने 143 गेंदों में 74 रनों को शानदार पारी खेली।
वहीं दसवें पायदान पर उतरे यश दयाल ने आखिरी विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी के साथ ही 36 रन की जुझारू पारी भी खेली। इन दोनों के अलावा करन शर्मा ने 31, रिंकू सिंह ने 24 और आराध्य यादव ने 13 रन बनाए। गोवा की तरफ से पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले यश काशवंकर ने इस बार भी अपना पंजा खोला। उनके अलावा ललित यादव ने दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोवा की टीम के ओपनर सुयश प्रभुदेशाई ने ही अकेले मोर्चा संभालने की पूरी कोशिश की। लेकिन दुसरे छोर पर कोई बड़ी साझेदारी नहीं मिलने के चलते टीम को दूसरी हार का दंश झेलना पड़ा। गोवा की तरफ से सुयश ने 106 गेंदों का सामना किया जिसमें छह चौके व एक छक्के की मदद से 72 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
उनके अलावा दर्शन मिसाल ने 28, अभिनव ने 14 और शिवेंद्र भुजवल ne 12 रनो का योगदान दिया। यूपी की तरफ से कार्तिक यादव ने 37 रन देकर पांच, वंश चौधरी ने 33 रन देकर तीन और जीशान अंसारी ने दो विकेट लिए।


