गोवा के खिलाफ उप्र ने पहली पारी में बनाये 202 रन
Kanpur । टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह एक बार फिर उत्तर प्रदेश टीम के संकटमोचक बनकर उभरे। ग्रीन पार्क में रविवार से गोवा के खिलाफ शुरू हुए रणजी मुकाबले के पहले दिन बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच रिंकू सिंह ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर टीम की लाज बचाने का काम किया। उनकी 118 रनों की शानदार पारी के दम पर उप्र पहली पारी में 202 रन बनाने में कामयाब हुई।

जबकि टीम में माधव कौशिक (45) और कप्तान आर्यन जुयाल (14) को छोड़कर शेष कोई भी बल्लेबाज अपना स्कोर दहाई तक नहीं पहुंचा सका। गोवा की तरफ से यश कसवानकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। दिन का खेल खत्म होने तक गोवा की टीम ने बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए थे। विकेट पर इस समय उसके दोनों ओपनर सुयश प्रभुदेसाई 12 और शिवेंद्र भुजबल 31 रन बनाकर खेल रहे हैं।
पहले मुकाबले में शानदार जीत हासिल करने के बाद अपने होम ग्राउंड में खेलने उतरी मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला तो लिया लेकिन बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन से टीम के रणजी अभियान को गहरा आघात जरूर पहुंचाया। पिछले मैच में शतकवीर ओपनर माधव कौशिक ने जरूर 96 गेंदों में 45 रन बनाए लेकिन शीर्ष चार बल्लेबाजों में अभिषेक गोस्वामी पांच, कप्तान आर्यन जुयाल 14 और करन शर्मा बिना खाता पवेलियन लौटे। पांचवें पायदान पर उतरे रिंकू सिंह ने माधव के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी जरूर की लेकिन अन्य कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक विकेट पर टिक न सका। अकेले रिंकू ही अपने कंधों पर पूरी टीम की उम्मीदों का भार उठाए रहे।
137 रनों पर 9 विकेट गिर जाने के बाद लगने लगा था कि टीम 150 रन भी नहीं बना पायेगी लेकिन रिंकू ने 186 गेंदों में 11 चौकों व दो छक्कों की मदद से नाबाद 118 रन बनाते हुए टीम को 202 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। जबकि शेष बल्लेबाजों में आराध्य यादव एक, जीशान अंसारी दो, कार्तिक यादव 6, कार्तिक त्यागी पांच, यश दयाल शून्य और वंश मात्र चार रन बना सके। गोवा की तरफ से यश कसवानकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। जबकि रुतविक नायक को दो, शुभम तारी और ललित यादव को एक-एक सफलता मिली।


