Kanpur । बर्रा दो स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन स्कूल में अंतर स्कूल आमंत्रण खो-खो (बालक-बालिका) प्रतियोगिता मंगलवार को हुई। इसमें शहर के कई विद्यालयों की टीमों ने बालक और बालिका वर्ग में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल में बालिका वर्ग में यूपी किराना और बालक वर्ग में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रिंसिपल राकेश उपाध्याय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बालिका वर्ग के पहले मुकाबले में पूर्णचंद्र ने एनएलके (आजाद नगर) को एक पारी व 15 अंकों से हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में यूपी किराना स्कूल ने राम स्कूल (पनकी) को एक पारी व 3 अंक से पराजित किया। फाइनल में यूपी किराना स्कूल ने पूर्णचंद्र को एक पारी और एक अंक से हराकर खिताब अपने नाम किया।
बालक वर्ग में पहले मुकाबले में सीएचएस बर्रा ने श्रीराम स्कूल (पनकी) को एक पारी और छह अंकों से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने एनएलके को एक पारी व 18 अंकों से हराया। तीसरे मैच में यूपी किराना ने सीएचएस को पांच अंकों से शिकस्त दी। फाइनल में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने यूपी किराना के बीच रोमांचक मुकाबला में एक अंक से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में प्रिंसिपल राकेश उपाध्याय ने विजेता और उपविजेता टीमों को प्रमाणपत्र व ट्रॉफी प्रदान की। बालिका वर्ग में बेस्ट रनर की ट्रॉफी यूपी किराना की आरोही गुप्ता और बेस्ट चेजर की ट्रॉफी पूर्णचंद्र की आद्या मिश्रा को मिली। वहीं बालक वर्ग में बेस्ट रनर की ट्रॉफी आर्यन गुप्ता और बेस्ट चेजर का पुरस्कार पूर्णचंद्र के अविरल सचान को प्रदान किया गया।


