Kanpur । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए कानपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दयानंद गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग व्यवस्था तथा प्रवेश द्वारों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और केवल निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। परीक्षा हॉल और परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जा रही है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन का कहना है कि भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और परीक्षा शांतिपूर्ण व पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाएगी।


