डीप फ्रीजर और एग्जॉस्ट फैन पर जमी थी गंदगी, कर्मचारी बिना ग्लव्स-हेड कवर के मिले
Kanpur । मोतीझील स्थित द कैफे पाई के किचन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सफाई के बजाय गंदगी और अव्यवस्था मिली। गुरुवार को निरीक्षण के दौरान डीप फ्रीजर से लेकर एग्जॉस्ट फैन तक पर धूल और चिकनाई की मोटी परत जमी मिली। किचन में जगह-जगह चूहों के बिल भी पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ-सफाई दुरुस्त होने तक प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद करा दिया।

कारगिल पार्क स्थित प्रतिष्ठान के निरीक्षण में डीप फ्रीजर के कोनों में धूल, सब्जियों के छिलके, सॉस और मेयोनीज के अवशेष मिले। फर्श और दीवारों पर भी गंदगी और चिकनाई पाई गई। एग्जॉस्ट फैन पर तेल और धूल की परत जमा थी। किचन में चूहों और कीड़े-मकोड़ों की रोकथाम के लिए पेस्ट कंट्रोल कराए जाने से संबंधित अभिलेख भी नहीं मिले।
टीम को खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और शेफ का हाइजीन प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया। कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेड कवर के खाद्य पदार्थ तैयार करते मिले। किचन की नियमित सफाई का रिकॉर्ड भी मौके पर नहीं था।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने ग्रीन चिली सॉस और सॉस के नमूने लिए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि किचन की हाइजीन व्यवस्था बेहद खराब मिली है। साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाएं पूरी होने तक खाद्य कारोबार बंद रहेगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


