तिवारी घाट में पानी भरने पर सात परिवारों के 35 लोगों को कराया शिफ्ट, नाव-ट्रैक्टर लगाकर आवागमन कराया सुगम
Kanpur । गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तिवारी घाट से लेकर भोपालपुरवा, भगवानदीनपुरवा और बनियापुरवा तक पहुंचकर मौके पर जलभराव और आवागमन की स्थिति देखी। प्रभावित लोगों से बातचीत कर राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तिवारी घाट, पुराना कानपुर की गलियों में पानी भरने की सूचना पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने गलियों में जलभराव की स्थिति देखी और प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। यहां सात परिवारों के 35 लोगों को सुरक्षित निकालकर कंपोजिट विद्यालय कन्या, पुराना कानपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविर में शिफ्ट कराया गया। शिविर में परिवारों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
इसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने भोपालपुरवा, भगवानदीनपुरवा और बनियापुरवा की आबादी का निरीक्षण किया। उन्होंने संपर्क मार्गों पर भरे पानी और उससे प्रभावित आवागमन को देखा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पानी अभी घरों तक नहीं पहुंचा है। लोगों की आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने चार नाव और दो ट्रैक्टर निश्शुल्क लगाए हैं।
बाढ़ चौकी और राहत शिविर का भी लिया जायजा
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बनियापुरवा चौराहे पर स्थापित बाढ़ राहत चौकी का भी जायजा लिया। भोपालपुरवा-बनियापुरवा बैराज मार्ग पर संचालित राहत शिविर की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, आवागमन और राहत व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने आमजन के साथ मवेशियों के स्वास्थ्य को लेकर भी निर्देश दिए। क्षेत्र में मेडिकल कैंप सक्रिय किए गए हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। जहां भी स्थिति बिगड़ने की आशंका हो, वहां तत्काल राहत और बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासनिक टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।


