नगर निगम की 38 सड़कों की मरम्मत एक सप्ताह में पूरी कराने के निर्देश, जीटी रोड पर तत्काल पैचवर्क के आदेश
Kanpur । शहर की खराब सड़कों और गड्ढों को लेकर मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने सड़क निर्माण व अनुरक्षण से जुड़े विभागों को सितंबर के अंत तक नगर क्षेत्र की सभी सड़कों को आवागमन के लिए सुगम बनाने के निर्देश दिए। नगर निगम की 38 सड़कों पर चल रहा मरम्मत कार्य एक सप्ताह में पूरा कराने को कहा। बारिश के कारण जहां डामरीकरण संभव नहीं है, वहां तत्काल पैचवर्क कर सड़कों को मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए।
आयुक्त शिविर कार्यालय में गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने सभी विभागों को अपनी-अपनी सड़कों का सर्वे कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए। सितंबर के अंत तक सड़कें ठीक स्थिति में दिखनी चाहिए।
नगर निगम ने बताया कि 38 सड़कों पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। मंडलायुक्त ने सभी कार्य एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निगम के अधीन आने वाली अन्य सड़कों का सर्वे कराकर जरूरत के अनुसार पैचवर्क कराने को कहा।
लोक निर्माण विभाग ने 18 सड़कों को मरम्मत के लिए चिह्नित किया है। इनमें 13 सड़कें मोटरेबल हो चुकी हैं और पांच पर काम चल रहा है। मंडलायुक्त ने शेष पांच सड़कों का काम जल्द पूरा कराने के साथ जीटी रोड पर तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिकारियों ने बताया कि बारिश के चलते अभी डामरीकरण नहीं हो रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि मौसम अनुकूल होने तक सड़क पर आवागमन प्रभावित नहीं होना चाहिए। जरूरी पैचवर्क कर सड़क को चालू रखा जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि सड़कें दुरुस्त रखने में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के साथ जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद


