Kanpur। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलबाजार पुलिस ने गुरुवार को एक युवती को 8.295 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। युवती ट्रॉली और पिट्ठू बैग में गांजा लेकर जा रही थी। पुलिस को देखते ही वह पीछे मुड़कर भागने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उसे पकड़ लिया गया।
थाना प्रभारी अमान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शिव नारायण टंडन पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैराशूट फैक्ट्री की ओर से एक युवती ट्रॉली और पिट्ठू बैग लेकर आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही उसके कदम ठिठके और वह अचानक पीछे मुड़कर तेज गति से जाने लगी। पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ तो उन्होंने पीछा कर उसे रोक लिया।महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर ट्रॉली और पिट्ठू बैग से खाकी टेप से सील किए गए चार पैकेट बरामद हुए।
पैकेट खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा मिला। वजन कराने पर कुल 8.295 किलोग्राम गांजा निकला।पूछताछ में आरोपित युवती ने अपना नाम चांदनी जोशी (22) निवासी अजीतगंज, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने गांजा भुवनेश्वर, ओडिशा से लेकर आने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हैं।


