14 अगस्त से शुरू होगी लीग, वीवीआईपी मूवमेंट और खिलाड़ियों के लिए बनेगा सेफ कॉरिडोर
Kanpur। यूपी टी-20 लीग का आयोजन 14 अगस्त से ग्रीन पार्क स्टेडियम की मेजबानी में किया जाएगा। इसमें दर्शकों के उत्साह को देखते हुए दोहरी पार्किंग व्यवस्था देने की तैयारी चल रही है। इससे दर्शक सीधे स्टेडियम तक पहुंचे सकेंगे और भीड़ बढ़ने पर स्टेडियम के बाहर और अंदर पार्किंग की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।
पहली बार स्टेडियम में रिजर्व पार्किंग व्यवस्था की तैयारी चल रही है। जो वीवीआइपी मूवमेंट और खिलाड़ियों के बीच बनने वाले सेफ कारिडोर में उपयोगी साबित होगी। स्टेडियम में मैच के दौरान तीन स्तरीय सुरक्षा खाका देने की तैयारी है। जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में पुलिस की ओर से तैयार किया जाता है।
गुरुवार को ग्रीन पार्क तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डा. विपिन ताडा ने यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर और उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता के साथ स्टेडियम का निरीक्षण कर बैठक की। निरीक्षण करते हुए अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डा. विपिन ताडा ने स्टेडियम के सभी प्रवेश द्वार देखे और वहां पर बैठने का सीटिंग प्लान जाना।
उन्होंने कहा कि लीग के मैच को यादगार बनाने के लिए पार्किंग की व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाएगा। सिविल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एलआइयू, महिला पुलिस के साथ सिक्योरिटी पुलिस प्लान तैयार किया जाएगा। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर करने के लिए ऐसी योजना है कि स्टेडियम तक वाहन आ सके। भीड़ बढ़ने की स्थिति में रिजर्व पार्किंग को भी तैयार किया जाएगा।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने कहा कि मिनी आइपीएल की तैयारी शुरू कर दी है। सबसे पहले सुरक्षा का खाका तैयार किया जा रहा है। हर बार की तरह इस बार भी ग्रीन पार्क में होने वाले मुकाबलों के यादगार बनाने की कोशिश रहेगी। निरीक्षण में केसीए के उपाध्यक्ष संजय तिवारी, अरविंद सिंह, सचिव कौशल कुमार, अश्विनी कोहली, आशीष सचान, तालिब खान, पीएस नेगी, दिनेश कटियार, बाटू, आदि मौजूद रहे।


