Kanpur। आगरा में 7 से 14 सितंबर तक आयोजित सब-जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप हो रही है, इसमें कानपुर मंडल ने जीत के साथ अभियान का आगाज किया। बुधवार को खेले गए मुकाबले में कानपुर मंडल ने मेरठ मंडल को 1-0 से शिकस्त दी। टीम की जीत के नायक पीयूष कन्नौजिया रहे, जिन्होंने 19वें मिनट में मिली पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।
मुकाबले के शुरुआती दौर में दोनों टीमों ने संभलकर खेलते हुए एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर हमले किए। 19वें मिनट में मेरठ के डिफेंडर के पेनल्टी एरिया में हाथ से गेंद लगने पर कानपुर को पेनल्टी मिली। पीयूष कन्नौजिया ने शानदार अंदाज में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर कानपुर को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद मेरठ ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन कानपुर की रक्षापंक्ति ने मजबूत बचाव करते हुए उसके सभी हमलों को नाकाम कर दिया।
दूसरे हाफ में कानपुर के स्ट्राइकरों ने बढ़त को मजबूत करने के लिए लगातार आक्रमण किए, लेकिन मेरठ की रक्षा पंक्ति भी पूरी तरह मुस्तैद रही। अंतिम सीटी तक दोनों टीमों की ओर से कोई और गोल नहीं हुआ और कानपुर मंडल ने 1-0 की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कानपुर की जीत में गोल करने वाले पीयूष कन्नौजिया के अलावा कप्तान नवजोत, शौर्य और अथर्व का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। टीम अब अपने अगले मुकाबले में गोरखपुर मंडल का सामना करेगी। इस दौरान टीम के साथ सचिव अजीत सिंह, कोच व राष्ट्रीय खिलाड़ी अमित नारंग, आसिफ इकबाल, टीम मैनेजर अमित वर्मा, सागरदीप, शैलेंद्र रावत, विकासदीप मौजूद रहे।


