Kanpur । ग्रीनपार्क स्टेडियम में शनिवार को 12वीं कानपुर जिला वार्षिक जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवा एथलीटों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में अपनी गति, सहनशक्ति और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। दौड़, कूद और थ्रो स्पर्धाओं में पदक जीतने के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी करमवीर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अंडर-14 बालक वर्ग की 60 मीटर और 600 मीटर दौड़ में अर्णव ने स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। स्टैंडिंग ब्रॉड जंप में आदित्य भदौरिया, शॉटपुट में ध्रुव जायसवाल और किड्स जैवलिन थ्रो में सृजन यादव ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में ग्रेसी और 600 मीटर में सोनी ने स्वर्ण पदक जीता।
स्टैंडिंग ब्रॉड जंप में वाणी सेंगर, जबकि शॉटपुट और किड्स जैवलिन थ्रो में वर्तिका वर्मा ने स्वर्णिम प्रदर्शन किया। अंडर-16 बालिका वर्ग में काव्या ने 60 मीटर और 600 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर स्प्रिंट और मध्यम दूरी की दौड़ में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
लंबी कूद और जैवलिन थ्रो में साक्षी यादव ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि शॉटपुट में काव्या पटेल विजेता रहीं। अंडर-16 बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में आयुष कुमार, 600 मीटर में मुकेश और लंबी कूद में देवाड़ी ने स्वर्ण पदक जीते। शॉटपुट और जैवलिन थ्रो में यश कुमार यादव ने शीर्ष स्थान हासिल किया।


