टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से छात्रों को मिलेगा आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण
Kanpur । गुरुदेव चौराहा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक आने वाले समय में प्रदेश के सबसे आधुनिक तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शामिल होगा। यहां टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से 7.06 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है। यह केंद्र केवल एक नया भवन नहीं होगा, बल्कि छात्रों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तकनीकी कौशल सिखाने का हाईटेक प्लेटफॉर्म बनेगा।
आधुनिक प्रयोगशालाओं और डिजिटल प्रशिक्षण सुविधाओं से लैस इस केंद्र का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार करना है।गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का भी पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द इस परियोजना का लाभ मिल सके।

उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निर्माण खंड कानपुर-01 के अधिशासी अभियंता फराज़ असलम ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य 21 मई 2026 से शुरू हुआ है और इसे 20 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम किश्त के रूप में 3.53 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। अब तक 86.38 लाख रुपये खर्च हुए हैं, जबकि वर्तमान में फाउंडेशन और पेडेस्टल कास्टिंग का कार्य चल रहा है। परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग पांच प्रतिशत है।

जी प्लस टू प्री-इंजीनियर्ड भवन में आधुनिक प्रयोगशालाएं, तकनीकी वर्कशॉप, डिजिटल प्रशिक्षण कक्ष, वीसैट स्टूडियो, स्किल डेवलपमेंट लैब और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां छात्रों को उद्योगों की मांग के अनुरूप व्यावहारिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलेगा। डीएम ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद राजकीय पॉलिटेक्निक की पहचान नई ऊंचाई पर पहुंचेगी।

इससे विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी, रोजगार क्षमता मजबूत होगी और उन्हें आधुनिक औद्योगिक वातावरण के अनुरूप सीखने का अवसर मिलेगा। यह परियोजना तकनीकी शिक्षा को उद्योगों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


