सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने उमड़े लोग, एक माह तक चलेंगे सेवा कार्यक्रम
Kanpur । नाना राव पार्क में गुरुवार को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की तस्वीरें जीवंत हो उठीं। फूलबाग गेट नंबर-3 स्थित स्विमिंग पूल के पास सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ विषय पर प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन सांसद रमेश अवस्थी ने किया।

प्रदर्शनी में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, महिला हेल्पलाइन-181, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और पीएम कुसुम योजना समेत कई योजनाओं की जानकारी चित्रों और सूचनाओं के जरिए दी गई है। रोजगार, ओडीओपी, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेधावी छात्रा स्कूटी योजना और कृषि में ड्रोन के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी भी लोगों को आकर्षित कर रही है।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों समेत समाज के विभिन्न वर्गों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना जरूरी है। प्रदर्शनी में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद हैं, जो पात्र लोगों को योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने पात्र लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने विश्वकर्मा पूजा की बधाई देते हुए प्रदर्शनी के आयोजन के लिए जिला प्रशासन और सूचना विभाग को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी के जरिए अधिक से अधिक पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि डिजिटल क्रांति, पारदर्शिता, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों को प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी में किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों समेत विभिन्न वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से दी गई है। जेएएम व्यवस्था के माध्यम से डीबीटी से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रदर्शनी लोगों को योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी लेने का अवसर दे रही है।


