विधायक सुरेंद्र मैथानी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु व राष्ट्र की उन्नति के लिए की प्रार्थना
Kanpur । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को पनकी धाम स्थित बाबा बजरंगबली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा राष्ट्र की उन्नति के लिए प्रार्थना की
प्रातः आयोजित कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र मैथानी ने विधि-विधान के साथ बाबा बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली व विकास के लिए मंगलकामना की। इसके बाद मंदिर परिसर में महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विधायक मैथानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यकाल केवल प्रशासनिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण का भी कालखंड रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है और अनेक क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। देश की अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं में हुए बदलावों ने भारत की नई तस्वीर दुनिया के सामने प्रस्तुत की है। इसी भावना के साथ पनकी धाम में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घ और ऊर्जावान जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ललित उपाध्याय, विजय पटेल (मंडल अध्यक्ष), दीपक शुक्ला, मकसूदन, संजय बाजपेई, सत्येंद्र नाथ पांडेय, राजा पंडित, अरुण दुबे, जीतू बाजपेई, राघवेंद्र दुबे, किरण तिवारी, (पार्षद) आरती त्रिपाठी, सुलेखा, जया श्रीवास्तव, शालिनी कटियार आदि उपस्थित रहे।


